न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत दौरे पर, पीएम मोदी के साथ गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब पहुंचे
दिनाँक 18/06/2025 नई दिल्ली
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नई दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब का दौरा किया। दोनों नेताओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और सिख समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान दिया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने क्रिस्टोफर लक्सन का दिल्ली में गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का दिल्ली में स्वागत करना खुशी की बात है। यह भी गर्व की बात है कि वे इस साल रायसीना डायलॉग के मुख्य अतिथि होंगे। हमने भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की।”
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने बताया कि भारत और न्यूजीलैंड ने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, दोनों देश व्यापार, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, दवाइयां, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और बागवानी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
बता दें कि क्रिस्टोफर लक्सन रविवार से पांच दिवसीय भारत यात्रा पर हैं, जो 20 मार्च तक चलेगी। यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है, जो पीएम मोदी के निमंत्रण पर हो रही है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और न्यूजीलैंड के बीच रिश्तों को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाना है।
