यूरोपीय कमीशन अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से की मुलाकात

“यूरोपीय कमीशन अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की, जिसमें भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, सुरक्षा और रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा हुई।”

दिनाँक 28 /02 /2025 नई दिल्ली

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने आज भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। वह 27-28 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं और उनके साथ यूरोपीय संघ के 27 में से 21 आयुक्त भी शामिल हैं।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा,

“आज दिल्ली में यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात करके प्रसन्नता हुई। यूरोप के साथ भारत की सहभागिता को पुनर्जीवित करने पर उनके विचारों की सराहना करता हूं…”

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर की। वह दिन में पहले नई दिल्ली पहुंचीं, जो यूरोपीय कमीशन कॉलेज ऑफ कमिश्नर्स की भारत यात्रा का पहला अवसर है। दिल्ली आगमन पर उनका स्वागत स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया, जो भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। वार्ता में व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। इसमें भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (FTA), सुरक्षा सहयोग और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत होने की संभावना है।

More From Author

मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ-2025 के समापन के बाद पुलिसकर्मियों से संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया

महाकुंभ संपन्न होने के बाद प्रयागराज पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, कर्मचारियों का जताया आभार