Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

भारत-अमेरिका के बीच डिफेंस डील, सेना को मिलेंगे 31 ड्रोन

“भारत और अमेरिका ने 4 बिलियन डॉलर में 31 MQ-9B ड्रोन खरीदने का समझौता किया, जो भारतीय सशस्त्र बलों की ताकत बढ़ाएगा”

भारत और अमेरिका के बीच एक महत्वपूर्ण डिफेंस डील पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों के लिए 31 MQ-9B प्रीडेटर ड्रोन की खरीद शामिल है। इस समझौते की कुल लागत लगभग 4 बिलियन डॉलर है और यह भारत की सैन्य ताकत को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह डील भारतीय आर्मी, एयरफोर्स और नेवी में उन्नत ड्रोन की तैनाती को लेकर है। MQ-9B ड्रोन, जो लगभग 40,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर सकते हैं, करीब 400 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से यात्रा कर सकते हैं और मिसाइलें ले जाने की क्षमता रखते हैं।

नई दिल्ली में रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर भारत के रक्षा मंत्रालय ने एक अन्य अनुबंध पर भी हस्ताक्षर किए हैं। जिसके तहत जनरल एटॉमिक्स ग्लोबल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ ड्रोन के रखरखाव, मरम्मत और पूरी जांच (MRO) का कार्य देश में ही किया जाएगा। इस डील का उद्देश्य भारत की सैन्य क्षमता और अभियान तैयारियों को बढ़ाना है। तीनों सेनाओं के लिए MQ-9B स्काडई गार्डियन और सी-गार्डियन ड्रोन इस डील का हिस्सा हैं, जो देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।