Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

Gurugram News: NH-48 पर 66 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गिरने से लगा भीषण जाम, ढाई घंटे तक थमा रहा ट्रैफिक

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित नरसिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 66 हजार वोल्ट (66kV) की हाई-टेंशन बिजली लाइन अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने दोनों ओर का ट्रैफिक तत्काल रोक दिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब ढाई से तीन घंटे तक हजारों वाहन जाम में फंसे रहे। गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि बिजली का तार किसी वाहन या राहगीर की चपेट में नहीं आया और कोई जनहानि नहीं हुई।

Namo Bharat :- दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, केंद्र ने RRTS विस्तार को दी सैद्धांतिक मंजूरी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके को घेरकर यातायात रोक दिया गया और बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने टूटे हुए तार को हटाने और लाइन को सुरक्षित करने का कार्य शुरू किया।

 

हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित रहा और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई। प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली लाइन टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना ने एक बार फिर हाई-टेंशन बिजली लाइनों के रखरखाव और नियमित निरीक्षण की आवश्यकता को उजागर किया है।