उत्तराखंड निवेश उत्सव 2025 में अमित शाह ने की धामी सरकार की सराहना, एक लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंडिंग पर जताई खुशी
दिनाँक 20/07/2025 नई दिल्ली
उत्तराखंड के रुद्रपुर में शनिवार को आयोजित उत्तराखंड निवेश उत्सव – 2025 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने एक लाख करोड़ रुपए के निवेश की सफल ग्राउंडिंग का जश्न मनाया। यह निवेश दिसंबर 2023 में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद धरातल पर उतारा गया है।
अमित शाह ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि है और इस छोटे से राज्य में इतने बड़े निवेश का जमीन पर उतरना राज्य सरकार की मेहनत और नीयत को दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस निवेश से 81 हजार सीधी नौकरियों और ढाई लाख से ज्यादा अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे। गृहमंत्री ने राज्य सरकार की नीतियों, पारदर्शिता और तेज़ कामकाज की सराहना की और भरोसा जताया कि उत्तराखंड आने वाले समय में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और जैविक खेती जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों का विकास भी देश को विकसित बनाने के लिए बेहद ज़रूरी है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि देश ने पिछले 10 सालों में सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों और बुनियादी सुविधाओं में ऐतिहासिक काम किया है। अमित शाह ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का जो सपना प्रधानमंत्री मोदी ने देखा है, उसमें विकसित उत्तराखंड की भूमिका बहुत अहम है। उन्होंने केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के 10 सालों में उत्तराखंड को पिछली सरकारों की तुलना में चार गुना ज्यादा सहायता दी गई है — जिसमें 1.86 लाख करोड़ रुपए, 31 हजार करोड़ सड़क परियोजनाओं के लिए, 40 हजार करोड़ रेलवे प्रोजेक्ट्स के लिए और 100 करोड़ हवाई अड्डों के विकास के लिए दिए गए हैं।
गृहमंत्री ने यह भी कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम ऑलवेदर रोड, केदारनाथ रोपवे और हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी योजनाओं पर काम हो रहा है ताकि सालभर पर्यटक उत्तराखंड आ सकें।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि शेष निवेश को भी तेजी से धरातल पर लाया जाए, इसमें केंद्र सरकार पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।
