गृह मंत्री अमित शाह का राज्यसभा में बयान: पिछले 10 सालों में देश की सुरक्षा हुई और मजबूत
दिनाँक 22/03/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में गृह मंत्रालय के कार्यों पर चर्चा के दौरान कहा कि बीते 10 वर्षों में देश की सुरक्षा मजबूत हुई है और सुरक्षाबलों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
आतंकवाद पर कड़ा रुख
अमित शाह ने कहा कि अब आतंकवादियों को वहीं दफनाया जाता है, जहां वे मारे जाते हैं। उन्होंने 2016 के उरी और 2019 के पुलवामा हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने सिर्फ 10 दिनों के भीतर पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पहले केवल अमेरिका और इजरायल ही अपनी सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत भी इस सूची में शामिल हो गया है।
अनुच्छेद 370 हटाने को बताया ऐतिहासिक फैसला
गृह मंत्री ने अनुच्छेद 370 को हटाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय था, जिससे जम्मू-कश्मीर के भारत में पूर्ण एकीकरण का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने इसे अस्थायी रखा था, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के कारण इसे हटाने की हिम्मत नहीं की गई।
गृह मंत्रालय की चुनौतियां और सुधार
शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय कठिन परिस्थितियों में काम करता है। कानून और व्यवस्था राज्यों की जिम्मेदारी है, लेकिन अब कई अपराध राज्य की सीमाओं तक सीमित नहीं रहते। साइबर क्राइम, नारकोटिक्स, संगठित अपराध और हवाला जैसे अपराध अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैले होते हैं। इसलिए गृह मंत्रालय में जरूरी बदलाव किए गए हैं।
मोदी सरकार के 10 साल में सुरक्षा मजबूत
उन्होंने कहा कि 2014 में जब मोदी सरकार सत्ता में आई, तब कई सुरक्षा संबंधी चुनौतियां थीं। लेकिन पिछले 10 वर्षों में राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि भारत की सुरक्षा, विकास और सार्वभौमिकता को पहले कई चुनौतियां मिलती थीं, लेकिन अब देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
