दिल्ली में नशे की समस्या खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे: सीएम रेखा गुप्ता
दिनाँक 10/03/2025 नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आरके पुरम विधानसभा के भंवर सिंह कैंप का दौरा किया और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
बजट पर जनता से राय ली जा रही
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का बजट तैयार किया जा रहा है, जिसके लिए अलग-अलग वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम महिलाओं, व्यापारियों, शिक्षा क्षेत्र और देहात क्षेत्र के लोगों से मिल रहे हैं, ताकि उनकी अपेक्षाओं को समझा जा सके। इसी कड़ी में झुग्गी बस्ती के लोगों की भी राय जानने आए हैं। उनकी समस्याओं को दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।”
नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा, “अगर किसी भी कोने में नशे की समस्या है, तो उसे खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। मैं इस मुद्दे पर जल्द ही पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करूंगी और समाधान पर चर्चा करूंगी।”
कचरा प्रबंधन पर सरकार की योजना स्पष्ट
दिल्ली में कचरा प्रबंधन को लेकर भी सीएम ने अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने कहा, “हमारी नीति और इरादा दोनों स्पष्ट हैं। लगातार काम करेंगे और समस्याओं का समाधान भी करेंगे।”
सीएम के इस दौरे से झुग्गी बस्तियों के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का मौका मिला और सरकार ने समाधान का भरोसा दिलाया।
