NZ vs SA, सेमीफाइनल: डेविड मिलर के शतक के बावजूद दक्षिण अफ्रीका हारी, न्यूजीलैंड 50 रन से जीतकर फाइनल में
“न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के सामने 363 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में प्रोटीज 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 312 रन ही बना सके।”
दिनाँक 06/03/2025 नई दिल्ली
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ कीवी टीम फाइनल में पहुंच गई, जहां उनका मुकाबला 9 मार्च को भारत से होगा।
न्यूजीलैंड की मजबूत बल्लेबाजी
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 6 विकेट पर 362 रन बनाए। रचिन रविंद्र (108) और केन विलियमसन (102) ने शानदार शतक लगाए। वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने 27 गेंदों में 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एन्गिडी ने तीन, कैगिसो रबाडा ने दो और वियान मुल्डर ने एक विकेट लिया।
डेविड मिलर की जुझारू पारी बेकार
363 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 312 रन ही बना सकी। डेविड मिलर ने 67 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। रासी वान डेर डुसेन (69) और कप्तान तेम्बा बवूमा (56) ने भी अर्धशतक लगाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने तीन, मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स ने दो-दो विकेट लिए।
अब न्यूजीलैंड 9 मार्च को भारत के खिलाफ फाइनल खेलेगा।
