दिनाँक 06/03/2025 नई दिल्ली
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया, जहां न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 362 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
रचिन और विलियमसन के शतक, मिशेल-फिलिप्स की तूफानी पारियां
न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने 101 गेंदों पर 108 रन बनाए, जबकि कप्तान केन विलियमसन ने 94 गेंदों पर 102 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 164 रन जोड़े। डेरिल मिशेल (49 रन, 37 गेंद) और ग्लेन फिलिप्स (49 रन, 27 गेंद) ने तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
मिलर का शतक बेकार, दक्षिण अफ्रीका 312 रन ही बना सकी
जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 312 रन ही बना सकी। डेविड मिलर ने 67 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (17 रन) और कप्तान टेम्बा बावुमा (56 रन) ने शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। रासी वैन डेर डुसेन ने 69 रन बनाए, लेकिन हेनरिक क्लासेन (3 रन) और एडेन मार्कराम (22 रन) कुछ खास नहीं कर सके।
भारतीय टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी
इससे पहले, भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। अब 9 मार्च को दुबई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।












