Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

जलगांव रेल हादसे में 11 यात्रियों की मौत, 11 घायल; 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान

“Pushpak Express Accident : महाराष्ट्र में भीषण रेल दुर्घटना में अभी तक 11 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं।”

दिनाँक 23/01/2025 नई दिल्ली

एक दुखद घटना महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पचोरा में बुधवार शाम को हुई, जिसमें रेल हादसे में कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई है। हादसे का कारण पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह थी, जिसके चलते एक यात्री ने चेन खींची, जिससे ट्रेन रुक गई और कई यात्री नीचे उतर गए। इस बीच कर्नाटक एक्सप्रेस भी आई, जिससे और ज्यादा यात्री पीड़ित हुए। महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को प्रत्येक को पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।

रेलवे और प्रशासन ने त्वरित प्रतिक्रिया दी है और पीड़ितों की मदद के लिए कार्रवाई शुरू की गई है।

अमित शाह ने CM से की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जलगांव ट्रेन हादसे के बारे में जानकारी लेने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की। उन्होंने कहा, “जलगांव रेल हादसा अत्यंत दुखद है। इस संबंध में सीएम फडणवीस से बात कर हादसे की जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। “