बुलंदशहर में चोरी का विरोध करने पर दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी की हत्या, पुलिस ने मामला सुलझाया
दिनाँक 12/01/2025 नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी अमर सिंह की हत्या का मामला सुलझा लिया है। 7 जनवरी की रात अमर सिंह की सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवा भाटी चोरी के इरादे से अमर सिंह के घर में घुसा था। इस दौरान अमर सिंह जाग गए और जब उन्होंने चोरी का विरोध किया, तो शिवा भाटी ने उनके सिर पर पत्थर से कई बार वार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शिवा भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मृतक का आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र भी बरामद कर लिया गया है। बुलंदशहर के एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि चोरी का विरोध करने पर ही अमर सिंह की हत्या की गई थी।
