पंजाबी बाग फ्लाईओवर से रोजाना 40 हजार घंटे की बचत, साढ़े तीन लाख वाहनों को राहत
“पंजाबी बाग फ्लाईओवर के उद्घाटन से दिल्लीवासियों को रोजाना 40 हजार घंटे और ईंधन की बचत होगी। मुख्यमंत्री आतिशी ने बताया कि इस फ्लाईओवर से अब लोग तीन रेड लाइट के जाम से बच सकेंगे। इसका फायदा हर दिन करीब 3.45 लाख वाहनों को होगा”
दिनाँक 02/01/2024 नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने पंजाबी बाग फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। 1.12 किमी लंबे इस छह-लेन फ्लाईओवर से हर दिन 3.45 लाख वाहनों को फायदा होगा, 40 हजार घंटे और 11 लाख लीटर ईंधन की बचत होगी। इससे प्रदूषण में भी कमी आएगी, जो 65 हजार पेड़ लगाने के बराबर है।
इस फ्लाईओवर से नजफगढ़, आजादपुर, राजा गार्डन और पश्चिम विहार के 3 लाख लोग तीन रेड लाइट के जाम से बच सकेंगे। 18 किमी का सफर अब बिना लाल बत्ती के पूरा होगा।
फ्लाईओवर 222 करोड़ रुपये की लागत से दो साल में बना और इसमें 40 करोड़ रुपये की बचत हुई। इसके साथ तीन सबवे भी बन रहे हैं, जो जल्द ही खुलेंगे। विधायक शिवचरण गोयल ने इसे पश्चिमी दिल्ली के लिए “संजीवनी बूटी” बताया, जो ट्रैफिक और समय की समस्या को हल करेगा।
