“पश्चिमी हिमालय में नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने के कारण शुक्रवार और शनिवार को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है”
दिनाँक 27/12/2024 नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह तेज बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई। कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश देखी गई। ठंड के बीच बारिश ने सर्दी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचने की चेतावनी दी है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पश्चिमी हिमालय में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ के कारण शुक्रवार और शनिवार को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नए साल की पूर्व संध्या पर पारा और गिरने की संभावना है, और न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गुरुवार को सफदरजंग में सुबह 7:30 बजे दृश्यता 100 मीटर और पालम में 300 मीटर दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पूसा केंद्र पर न्यूनतम तापमान सबसे कम 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


