प्रधानमंत्री मोदी ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से की बातचीत
दिनाँक 29/06/2025 नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से संवाद किया। पीएम मोदी ने इस खास बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट के ज़रिए दी।
बता दें कि शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष में गए हैं। इस मिशन को 25 जून को फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। भारतीय समयानुसार यह मिशन दोपहर 12:01 बजे शुरू हुआ।
शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्री इस मिशन के तहत 14 दिनों तक स्पेस स्टेशन पर रहेंगे और अंतरिक्ष में कई अहम प्रयोग और शोध कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें इस ऐतिहासिक मिशन के लिए शुभकामनाएं दीं और भारत का नाम अंतरिक्ष में रोशन करने पर गर्व जताया।
