एक्सिओम-4 मिशन की सफल डॉकिंग पर गूंजा जश्न, शुभांशु शुक्ला के घर और स्कूल में लहराया तिरंगा
दिनाँक 27/06/2025 नई दिल्ली
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के एक्सिओम-4 मिशन की अंतरिक्ष स्टेशन पर सफलतापूर्वक डॉकिंग के बाद उनके घर और स्कूल में जश्न का माहौल है। इस खुशी के मौके पर उनके स्कूल में तिरंगा लहराया गया और परिवार वालों ने खुशी जाहिर की।
शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा, “डॉकिंग सफल रही, यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। हमने हर दिन भगवान से प्रार्थना की और अब उनके सुरक्षित और सफल मिशन की दुआ करते हैं। यह सफलता मेरे बेटे की मेहनत और समर्पण का नतीजा है।”
उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने भी खुशी जताते हुए कहा, “हमें अपने बेटे पर गर्व है। यह पल हमारे लिए और देश के लिए बहुत खास है। हम भगवान का धन्यवाद करते हैं।”
वहीं, शुभांशु की बहन शुचि मिश्रा ने कहा, “यह न केवल हमारे परिवार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। हम दुआ करते हैं कि आगे का सफर भी सुरक्षित और सफल रहे।”
गौरतलब है कि एक्सिओम-4 मिशन भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक और अहम उपलब्धि है, जिसमें भारतीय वायुसेना के अधिकारी शुभांशु शुक्ला की यह उपलब्धि पूरे देश को गौरवान्वित कर रही है।
