बांग्लादेश में सियासी भूचाल: मोहम्मद यूनुस पर शेख हसीना के गंभीर आरोप, इस्तीफे की मांग तेज़
दिनाँक 26/05/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली, 26 मई : बांग्लादेश में राजनीतिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस पर अब इस्तीफे का दबाव बढ़ गया है। देश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की नेता शेख हसीना ने एक ऑडियो संदेश जारी कर मोहम्मद यूनुस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यूनुस भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और श्रमिकों व ग्रामीण फोन की कमाई में गड़बड़ी करने में शामिल हैं।
शेख हसीना ने सवाल उठाया कि 1990 में सिर्फ 6,000 टका मासिक वेतन पाने वाला व्यक्ति आज देश-विदेश में हजारों करोड़ की संपत्ति का मालिक कैसे बन गया?
हसीना ने यह भी दावा किया कि श्रमिक न्यायालय ने यूनुस को दोषी ठहराया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने अपने खिलाफ सभी मामले रद्द करवा लिए। शेख हसीना ने आरोप लगाया कि यूनुस ने उग्रवादियों और आतंकवादियों की मदद से सत्ता हासिल की और अब वही ताकतें उनकी सरकार को चला रही हैं।
बांग्लादेश की राजनीति में इस वक्त हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
