उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर हादसा : मुख्यमंत्री ने जताया दुख, राहत और बचाव कार्य जारी

दिनाँक 08/05/2025 नई दिल्ली

उत्तरकाशी में हुए हेलीकॉप्टर हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को घायलों को हर संभव मदद देने और हादसे की पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री के आदेश पर आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन भी कंट्रोल रूम पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी मेहरबान सिंह बिष्ट से फोन पर बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।

राज्य आपातकालीन केंद्र से भी ग्राउंड पर मौजूद राहत और बचाव दलों से लगातार अपडेट लिया जा रहा है। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर केदारनाथ जाने वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं भी रोक दी गई हैं। ये सेवाएं गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से चलाई जाती थीं।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब एक हेलीकॉप्टर गंगोत्री की ओर जा रहा था। हेलीकॉप्टर में सात लोग सवार थे। इस दुखद हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

More From Author

पाकिस्तान में भारतीय एयर स्ट्राइक पर डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन — कहा, पता था कुछ बड़ा होने वाला है

लखनऊ में बनेगी ब्रह्मोस मिसाइल, भारत की सैन्य ताकत को मिलेगी नई मजबूती