“उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव में आए हिमस्खलन में 57 मजदूर फंस गए थे, जिनमें से अब तक 33 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाव दल बाकी मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ है।”
दिनाँक 01/03/2025 नई दिल्ली
उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव के पास हिमस्खलन के कारण 57 मजदूर बर्फ में दब गए। ये सभी मजदूर सीमा सड़क संगठन (BRO) के लिए काम कर रहे थे। अब तक 33 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि बाकी 24 मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सुबह हुआ था हिमस्खलन
रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 7:15 बजे बद्रीनाथ और माणा के बीच स्थित बीआरओ के मजदूर कैंप पर हिमस्खलन हुआ, जिससे मजदूर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
बचाव कार्य में आ रही दिक्कतें
खराब मौसम और लगातार बर्फबारी के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, अब तक कोई हताहत होने की सूचना नहीं है।
कैंप क्यों नहीं हटाया गया था?
माणा गांव के प्रधान पितांबर सिंह ने बताया कि इस बार बर्फबारी कम होने के कारण कैंप बंद नहीं किया गया था, जिससे मजदूर वहां मौजूद थे। नर पर्वत से आए हिमस्खलन के कारण यह हादसा हुआ। बचे हुए मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है।


