Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

दिल्ली में घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई, गृह मंत्री अमित शाह ने दिए कड़े निर्देश

“केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अवैध घुसपैठियों का मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए और उनकी पहचान कर उन्हें निर्वासित किया जाना चाहिए।”

दिनाँक 01/03/2025 नई दिल्ली

दिल्ली में सुरक्षा को मजबूत करने और अवैध घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद, दिल्ली पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई

गृह मंत्री अमित शाह ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें निर्वासित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग घुसपैठियों को दस्तावेज बनवाने और रहने की सुविधा देने में मदद कर रहे हैं, उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों का होगा सफाया

गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस को अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों को खत्म करना प्राथमिकता बनाना चाहिए। उन्होंने डीसीपी स्तर के अधिकारियों को पुलिस स्टेशनों में जनसुनवाई शिविर लगाने और जनता की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक जाम और मानसून से निपटने की तैयारी

दिल्ली में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए पुलिस और प्रशासन को मिलकर काम करने को कहा गया। साथ ही, दिल्ली सरकार को मानसून से पहले जल-जमाव वाली जगहों की पहचान कर ‘मानसून एक्शन प्लान’ तैयार करने का निर्देश दिया गया।

दिल्ली दंगों के मामलों का त्वरित निपटान

अमित शाह ने 2020 दिल्ली दंगों के मामलों के जल्द निपटारे के लिए विशेष अभियोजकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए ताकि न्याय प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

निर्माण कार्यों के लिए पुलिस अनुमति की जरूरत नहीं

गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली में निर्माण से जुड़े मामलों में अब पुलिस की अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।

इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनता की समस्याओं को दूर करने पर खास जोर दिया गया। गृह मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली में अपराध और अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।