शाहजहांपुर: ऑल सेंट्स स्कूल में मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस, बच्चों ने सीखी पर्यावरण संरक्षण की अहमियत
दिनाँक 22/04/2025 नई दिल्ली
शाहजहांपुर में विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर ऑल सेंट्स स्कूल में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला गंगा समिति द्वारा प्रभागीय वनाधिकारी श्री नवीन खंडेलवाल के निर्देशन में और वर्क संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या साक्षी रस्तोगी और जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने की। इस दौरान बच्चों के बीच निबंध प्रतियोगिता और ‘सांप-सीढ़ी’ खेल का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण और नदी संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को रोचक तरीके से समझाया गया।
निबंध प्रतियोगिता में द्वैविक शुक्ला ने पहला, अर्शी राठौर ने दूसरा और काव्या वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं ‘सांप-सीढ़ी’ प्रतियोगिता में अर्चित और काव्या विजेता रहे, जबकि मानवी और द्वैविक उपविजेता बने।
सभी विजेताओं को प्रतीक चिन्ह, टी-शर्ट और “चाचा चौधरी संग गंगा की बात” नामक कॉमिक्स देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएस कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव ने बच्चों को पर्यावरण बचाने के लिए छोटे-छोटे कदमों जैसे बिजली और पानी की बचत, पेड़-पौधों की देखभाल आदि के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे प्रयास मिलकर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं और हमारी धरती को सुरक्षित रख सकते हैं।
इस कार्यक्रम ने बच्चों को खेल और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का काम किया।
