सेनेटरी पैड विवाद: कांग्रेस ने BJP पर लगाया महिलाओं के अपमान का आरोप, दर्ज कराई FIR

दिनाँक 08/07/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली। बिहार में कांग्रेस के सेनेटरी पैड वितरण अभियान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया कि सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो लगी है। इसको लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस का कहना है कि भाजपा बिहार में अपनी हार से ध्यान भटकाने के लिए तस्वीरों को मोर्फ कर और फर्जी वीडियो बनाकर महिलाओं का अपमान कर रही है। बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्ण अल्लावरु ने कहा कि यह न सिर्फ हमारे नेता का, बल्कि हर भारतीय महिला का अपमान है और यह कानूनी रूप से दंडनीय अपराध है।

कांग्रेस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन रूपेश सिंह भदौरिया ने दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना सहित कई राज्यों में भाजपा नेताओं और अन्य लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा ने भी इस विवाद पर कहा कि जिस वीडियो में सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की फोटो दिखाने का दावा किया गया है, वह पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने कहा कि असल में पैड पर कहीं भी कोई फोटो नहीं है और भाजपा आईटी सेल सिर्फ नफरत फैलाने की साजिश कर रहा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा बहन-बेटियों का अपमान कर रही है और एक जनकल्याणकारी पहल का मजाक बना रही है। पार्टी ने साफ किया है कि फर्जी वीडियो चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

रायपुर में कांग्रेस की किसान-जवान-संविधान जनसभा, खड़गे ने BJP पर लगाए कई आरोप

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 1,388 नर्सों और 41 पैरामेडिकल स्टाफ को मिली स्थायी नौकरी