Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

गणतंत्र दिवस 2025: आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर, लखपति दीदी से लेकर आधुनिक बैंकिंग तक

“इन झांकियों ने गणतंत्र दिवस पर न केवल भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया, बल्कि यह भी दिखाया कि समाज के हर वर्ग को देश की प्रगति में शामिल किया जा रहा है।”

दिनाँक 27/01/2025 नई दिल्ली

76वें गणतंत्र दिवस के दौरान नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भारतीय सांस्कृतिक विविधता और आर्थिक प्रगति को दिखाने वाली भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं। ये झांकियां राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों द्वारा बनाई गई थीं और उनकी रचनात्मकता और संदेश ने दर्शकों को बहुत प्रभावित किया।

ग्रामीण विकास मंत्रालय की झांकी ने ‘लखपति दीदी’ पहल को उजागर किया, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है। झांकी में ‘लखपति दीदी’ की एक सुंदर मूर्ति को केंद्र में रखा गया था, जो एक सफल महिला उद्यमी का प्रतीक थी। साथ ही, झांकी में महिलाएं बुनाई, कृषि और हस्तशिल्प जैसे कार्यों में लगी थीं और उनका डिजिटल साक्षरता को भी महत्वपूर्ण रूप से बताया गया। यह झांकी यह संदेश दिया कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार और समाज भी मजबूत होते हैं।

वित्त मंत्रालय की झांकी ने भारत में बैंकिंग सेवाओं के विकास की यात्रा को दिखाया। झांकी में एक सुनहरे सिक्के से शुरुआत हुई, जो देश की बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था का प्रतीक था। झांकी में रुपये का चिन्ह और UPI का उल्लेख था, जो भारतीय वित्तीय प्रगति और तकनीकी नवाचारों को उजागर करते हैं। एक महिला एटीएम का उपयोग करते हुए दिखाई गई, जिससे स्पष्ट होता है कि आधुनिक बैंकिंग सेवाएं सभी वर्गों के लिए जीवन को सरल और समृद्ध बना देती हैं। झांकी में ‘पोटली’ को समृद्धि का प्रतीक दिखाया गया, और एलईडी स्क्रीन पर वित्तीय समावेशन और जागरूकता अभियानों की भी झलक दी गई।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की झांकी ने मौसम विभाग के 150 वर्षों की यात्रा को दिखाया। झांकी में चक्रवातों से बचाव और किसानों के लिए मौसम आधारित सलाहकार सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया। झांकी में चक्रवात डाना का उल्लेख और मोबाइल मौसम अलर्ट के जरिए किसानों की मदद को भी दिखाया गया। झांकी में पिछले हिस्सों में मछुआरों, पायलटों और वैज्ञानिकों को भी प्रदर्शित किया गया, जो मंत्रालय के कामकाज से प्रभावित होते हैं। मौसम उपकरणों के द्वारा दर्शकों को यह समझने में मदद मिली कि सटीक मौसम जानकारी लोगों की जान बचा सकती है और जीवन को बेहतर बना सकती है।