दिनाँक 21/07/2025 नई दिल्ली
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ी राहत मिली है। खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान, जिन्होंने एक दिन पहले विधायक पद से इस्तीफा देने और राजनीति छोड़ने का ऐलान किया था, उन्होंने अब अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। AAP के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अनमोल गगन मान से मुलाकात की और उन्हें पार्टी और क्षेत्र के लिए काम जारी रखने की अपील की। इस बातचीत के बाद अनमोल ने अपना फैसला बदल लिया।
AAP अध्यक्ष ने क्या कहा?
अमन अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि उन्होंने अनमोल मान को पार्टी के फैसले के बारे में बताया कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। इसके बाद अनमोल इस्तीफा वापस लेने को तैयार हो गईं।
एक दिन पहले छोड़ी थी राजनीति
अनमोल गगन मान ने 19 जुलाई को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था कि उनका दिल भारी है और उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देने की बात भी कही थी और पार्टी को शुभकामनाएं दी थीं।
2022 में मिली थी बड़ी जीत
अनमोल मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के रणजीत सिंह गिल को करीब 38 हजार वोटों से हराकर जीत हासिल की थी। जीत के बाद उन्हें पर्यटन, संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन और श्रम मंत्रालय जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी मिली थी। हालांकि, सितंबर 2024 में हुए मंत्रिमंडल फेरबदल में उन्हें पद से हटा दिया गया, जिसके बाद वे कम सक्रिय नजर आईं।
विपक्ष के तंज
इस पूरे घटनाक्रम पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने तंज कसा और कहा कि AAP अब “ईंट दर ईंट ढह रही है।” उन्होंने हाल ही में अमृतसर उत्तर के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह के निलंबन की भी याद दिलाई।
वहीं, BJP नेता विनीत जोशी ने अनमोल के इस्तीफे को खरड़ की जनता के साथ “विश्वासघात” बताया था। फिलहाल अनमोल गगन मान के इस्तीफा वापस लेने से AAP को राजनीतिक राहत जरूर मिली है, लेकिन पार्टी की आंतरिक अस्थिरता और असंतोष के संकेतों को लेकर चर्चाएं अभी भी जारी हैं।









