“Delhi Election 2025: दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को जेड प्लस की सुरक्षा मिली हुई है। इसमें 60 से ज्यादा सुरक्षा कर्मी है।”
दिनाँक 24/01/2025 नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे। इससे पहले, पंजाब पुलिस ने अरविंद केजरीवाल की अतिरिक्त सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया है। दिल्ली पुलिस की आपत्ति के बाद पंजाब पुलिस ने यह कदम उठाया। दिल्ली पुलिस ने इस बारे में चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
पंजाब पुलिस के प्रमुख गौरव यादव ने कहा कि समय-समय पर अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार उन्होंने केजरीवाल की सुरक्षा वापस ले ली है। हालांकि, पंजाब पुलिस उनके संपर्क में रहेगी और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दिल्ली पुलिस के साथ साझा करती रहेगी।
अरविंद केजरीवाल को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें 60 से ज्यादा सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा, केंद्रीय पुलिस बल के 15 कर्मी भी उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी गाड़ी पर हमला हुआ। उन्होंने इस घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने विपक्षी उम्मीदवारों को उनकी जनसभा में घुसने दिया और फिर उनकी गाड़ी पर हमला करवाया। केजरीवाल ने कहा कि यह सब अमित शाह के आदेश पर हो रहा है और चुनाव आयोग कुछ नहीं कर रहा है।


