जम्मू-कश्मीर में स्टार्टअप्स को बढ़ावा: डीपीआईआईटी और जेकेईडीआई का समझौता
“कार्यक्रम में DPIIT और JKEDI के निदेशकों ने इनक्यूबेटर्स के साथ व्यक्तिगत बातचीत की, जिसमें इनक्यूबेटर्स ने अपनी समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की”
दिनाँक 28/01/2025 नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) और जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (JKEDI) ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत ‘जम्मू-कश्मीर कनेक्ट’ नामक कार्यक्रम का आयोजन JKEDI के बारी-ब्रह्मणा कैंपस में किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में स्टार्टअप इंडिया इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है और उन्हें मेंटरशिप, ज्ञान साझा करने का मौका प्रदान करना है। इसके साथ ही बाजार पहुंच, फंडिंग नेटवर्क, और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के अवसर भी प्राप्त करने की सुविधा है।
कार्यक्रम में DPIIT और JKEDI के निदेशकों ने इनक्यूबेटर्स के साथ व्यक्तिगत बातचीत की, जिसमें इनक्यूबेटर्स ने अपनी समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। यह प्लेटफ़ॉर्म इनक्यूबेटर्स के लिए नीतिगत समर्थन और सुधार के सुझावों को साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
JKEDI के निदेशक राजिंदर कुमार शर्मा ने मार्च 2024 में शुरू की गई ‘जेके स्टार्टअप नीति’ के बारे में जानकारी दी, जिसके तहत DPIIT पोर्टल पर 250 से अधिक नए स्टार्टअप्स को पंजीकृत किया गया है, जिससे कुल स्टार्टअप की संख्या 988 हो गई है। उन्होंने इसके साथ ही बताया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में JKEDI ने 20 जिलों में 601 उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम (EAPs) का आयोजन किया है।
कार्यक्रम में IIT जम्मू, IIM जम्मू, जम्मू विश्वविद्यालय, SKUAST जम्मू, क्लस्टर विश्वविद्यालय और CIIIT जम्मू के इनक्यूबेटर्स ने भाग लिया, जबकि NIT श्रीनगर, IUST विश्वविद्यालय, SKUAST कश्मीर और CIIIT बारामुला के इनक्यूबेटर्स ने वर्चुअल रूप से भाग लिया।”
