दिनाँक 04/06/2025 नई दिल्ली
देवघर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 10 जून को देवघर दौरा प्रस्तावित है। इस मौके पर वह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर देवघर में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। बाबा बैद्यनाथ धाम के पुरोहित और पंडा समाज राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति मुर्मू की बाबा बैद्यनाथ के प्रति विशेष आस्था है। वे झारखंड की राज्यपाल रहते हुए भी कई बार यहां पूजा कर चुकी हैं।
मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कामना लिंग की पूजा से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद भी द्रौपदी मुर्मू की बाबा के प्रति आस्था पहले जैसी ही बनी हुई है। वहीं, पुरोहित श्यामसुंदर बाबा ने कहा कि राष्ट्रपति शिव की अनन्य भक्त हैं। जब भी वे देवघर या झारखंड आती हैं, तो बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना जरूर करती हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर परिसर और एम्स परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।


