नई दिल्ली सीट: बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मुश्किलें बढ़ीं
“Delhi Election 2025: चुनाव आयोग की चिट्ठी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ जूते बांटने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर की”
दिनाँक 16/01/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चुनाव आयोग की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि प्रवेश वर्मा ने लोगों को जूते बांटे, जो चुनावी नियमों का उल्लंघन है। यह मामला मंदिर मार्ग थाने में दर्ज किया गया है।
चुनाव आयोग की कार्रवाई
चुनाव आयोग को शिकायत मिलने के बाद नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने पुलिस को निर्देश दिया था कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
आप ने उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मामले पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया था। आप ने आरोप लगाया कि बीजेपी प्रत्याशी खुलेआम जूते बांट रहे हैं और चुनावी नियमों का मजाक बना रहे हैं। आप ने यह भी कहा कि अगर चुनाव आयोग कार्रवाई नहीं करता, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का क्या मतलब रह जाएगा।
नई दिल्ली सीट पर कड़ा मुकाबला
नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा बीजेपी के प्रत्याशी हैं। उनका मुकाबला दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। यह सीट चुनावों में हमेशा चर्चा में रहती है।
चुनावी तारीखें
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस का खाता नहीं खुला था।
केजरीवाल के आरोप
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उनके प्रत्याशी नई दिल्ली क्षेत्र में वोट कटवा रहे हैं और लोगों को पैसे, चश्मे, चादर और जूते बांट रहे हैं। उन्होंने इसे चुनावी नियमों का सीधा उल्लंघन बताया।
