मोदी सरकार के 11 साल पूरे, पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए किए काम गिनाए
दिनाँक 08/06/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली, 8 जून:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के 11 साल पूरे होने पर शनिवार को एक खास वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने महिलाओं के लिए बीते सालों में अपनी सरकार द्वारा किए गए कामों और उपलब्धियों का ज़िक्र किया।
पीएम मोदी ने बताया कि उनकी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण को हमेशा प्राथमिकता दी है। वीडियो में बताया गया कि उज्ज्वला योजना के तहत अब तक 10 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन का फायदा मिला है।
लिंग अनुपात में सुधार
वीडियो में लिंग अनुपात में हुए सुधार का भी ज़िक्र किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि 2014-15 में जहां 1000 पुरुषों पर 918 महिलाएं थीं, अब यह संख्या बढ़कर 933 महिलाएं हो गई है।
35 करोड़ महिलाओं को मिला मुद्रा योजना का लाभ
प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए अब तक 35 करोड़ महिलाओं को रोजगार और छोटे कारोबार के लिए लोन दिया गया है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है।
पीएम मोदी ने कही दिल छू लेने वाली बात
अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा,
“हमारी माताओं-बहनों और बेटियों ने वो वक्त भी देखा है, जब हर कदम पर उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन आज वे विकसित भारत की दिशा में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। शिक्षा से लेकर कारोबार तक हर क्षेत्र में नारीशक्ति की उपलब्धियां देश को गौरवान्वित कर रही हैं।”
