महाकुंभ 2025: 16 फरवरी से इंटरनेशनल बर्ड फेस्टिवल, जीत सकते हैं 21 लाख तक का इनाम
“महाकुंभ इस बार न केवल आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि यह प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होने जा रहा है। यहां 200 प्रजातियों के पक्षियों का महाकुंभ होने जा रहा है।”
दिनाँक 07/02/2025 नई दिल्ली
महाकुंभ 2025: 16 फरवरी से इंटरनेशनल बर्ड फेस्टिवल, 21 लाख तक के इनाम जीतने का मौका
प्रयागराज में 16 से 18 फरवरी तक इंटरनेशनल बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में फोटो प्रतियोगिता, नारा लेखन, पेंटिंग समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें विजेताओं को 10,000 से 5 लाख रुपये तक के इनाम दिए जाएंगे। कुल पुरस्कार राशि 21 लाख रुपये होगी।
10 से ज्यादा देशों से आए पक्षी
फेस्टिवल में साइबेरिया, मंगोलिया और अफगानिस्तान समेत 10 से अधिक देशों से प्रवासी पक्षी पहुंच चुके हैं। श्रद्धालु यहां इंडियन स्कीमर, फ्लेमिंगो और साइबेरियन क्रेन जैसे दुर्लभ पक्षियों को देख सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस दौरान इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए खास योजना बनाई गई है।
पक्षी संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसमें वैज्ञानिक, पर्यावरणविद, पक्षी प्रेमी, स्कूल-कॉलेज के छात्र और शिक्षक शामिल होंगे।
महाकुंभ के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास आयोजन
यह प्रतियोगिता महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण होगी। पर्यावरण विशेषज्ञ जैव विविधता और संतुलन के महत्व पर चर्चा करेंगे। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए
फेस्टिवल से जुड़ी जानकारी के लिए व्हाट्सएप नंबर 9319277004 पर संपर्क किया जा सकता है।
