विदेश मंत्री जयशंकर वाशिंगटन में ट्रंप के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल
“विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20 जनवरी को वाशिंगटन में अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर वे अमेरिकी अधिकारियों और अन्य प्रमुख लोगों से भी मुलाकात करेंगे।”
दिनाँक 12/01/2025 नई दिल्ली
विदेश मंत्रालय ने बताया है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20 जनवरी को वाशिंगटन में अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। जयशंकर इस समारोह में ट्रंप-वैंस उद्घाटन समिति के निमंत्रण पर शामिल होंगे।
इस दौरान, विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिकी अधिकारियों और अन्य प्रमुख लोगों से भी मुलाकात करेंगे। ट्रंप 20 जनवरी को वॉशिंगटन के कैपिटल की सीढ़ियों पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स से राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इसके पहले, उपराष्ट्रपति चुने गए जेडी वेंस भी शपथ लेंगे।
समारोह के दौरान, दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर के सम्मान में अमेरिकी झंडे आधे झुके रहेंगे। उनका 100 साल की उम्र में निधन हो गया था। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आदेश दिया है कि झंडे 28 जनवरी तक 30 दिनों के लिए आधे झुके रहेंगे।
