DMK MLA Markandeyan Arrest :- तमिलनाडु की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। डीएमके (DMK) विधायक जी.वी. मार्कंडेयन को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उनके हालिया सार्वजनिक भाषण के वायरल होने के बाद दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, मार्कंडेयन ने एक सार्वजनिक सभा के दौरान मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण बयान दिए थे। इसके बाद सत्तारूढ़ दल तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के एक पदाधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
सोमवार सुबह पुलिस टीम विधायक के आवास पहुंची, जहां उनके समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध किया। विरोध-प्रदर्शन के बीच पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले गई और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
डीएमके ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है, जबकि सत्तारूढ़ पक्ष का कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक मंच से हिंसा या धमकी भरे बयान देने की अनुमति नहीं दी जा सकती और कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब तमिलनाडु की राजनीति में सत्तारूढ़ TVK और विपक्षी DMK के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज बना हुआ है। अब इस प्रकरण ने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है।















