Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

भारत में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, एक्टिव केस 5,000 के पार

दिनाँक 07/06/2025 नई दिल्ली

भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में इज़ाफ़ा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को पूरे देश में कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 5,000 पार कर गया। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं और परामर्श जारी करना शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार ने भी अस्पतालों की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए मॉक ड्रिल करवाने का फैसला किया है।

कुल एक्टिव केस 5,364, 4 नई मौतें दर्ज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, देश में फिलहाल कोरोना के 5,364 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना से चार और लोगों की मौत हुई है।

केरल में सबसे ज़्यादा मामले, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बढ़ोतरी

बीते 24 घंटों में केरल में सबसे ज़्यादा 192 नए केस सामने आए हैं। इसके बाद गुजरात में 107, पश्चिम बंगाल में 58 और दिल्ली में 30 नए मामले दर्ज हुए। दिल्ली में इस वक्त कोरोना के कुल 592 सक्रिय केस हैं। हालांकि, गुरुवार को कोई नई मौत दर्ज नहीं हुई। जनवरी से अब तक दिल्ली में कोरोना से 7 मौतें हो चुकी हैं। महाराष्ट्र में भी स्थिति गंभीर होती दिख रही है। यहां शुक्रवार को 114 नए केस मिले। इस साल जनवरी से अब तक राज्य में कुल 1,276 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना से यहां अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

सभी राज्यों को अलर्ट, तैयारियां तेज

बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र ने सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि ऑक्सीजन सिलेंडर, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और ज़रूरी दवाइयों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।