पंजाब में AAP सरकार के तीन साल पूरे, केजरीवाल और भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था

दिनाँक 16/03/2025 नई दिल्ली

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल रविवार को अमृतसर पहुंचे। दोनों नेताओं ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और कई अन्य पार्टी नेता भी मौजूद रहे।

नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी – केजरीवाल

अमृतसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी समस्या नशा और भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा, “हमने इन दोनों बुराइयों के खिलाफ जंग छेड़ दी है। यह न्याय की लड़ाई है, हमारा मकसद राज करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है।”

भगवंत मान का दावा – तीन साल में हुए ऐतिहासिक काम

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जितना काम किया है, उतना पिछले 70 सालों में भी नहीं हुआ। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उन्होंने लिखा, “हम पंजाबियों से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे। नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। पंजाब के तीन करोड़ लोगों का समर्थन और विश्वास बनाए रखने के लिए धन्यवाद।”

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर पंजाब में सरकार बनाई थी।

More From Author

प्रधानमंत्री मोदी ने RBI को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवार्ड 2025 मिलने पर दी बधाई

नितिन गडकरी का बयान – मुस्लिम समाज को शिक्षा के साथ ज्ञान-विज्ञान की सबसे ज्यादा जरूरत