दिनाँक 14/04/2025 नई दिल्ली
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच एक बार फिर तकरार शुरू हो गई है। आप नेता आतिशी ने शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता पर आरोप लगाया कि वह सरकारी कामों में दखल दे रहे हैं और अनौपचारिक रूप से दिल्ली सरकार चला रहे हैं।
आतिशी ने अपने सोशल मीडिया पर मनीष गुप्ता की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एमसीडी और डीयूएसआईबी जैसे विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे गांवों में महिला सरपंचों की जगह उनके पति ही काम संभालते हैं, वैसे ही अब दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री की जगह उनका पति सारा काम कर रहा है।
इस बयान पर भाजपा भड़क गई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी पर महिला नेता का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता ने छात्र राजनीति से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक का लंबा सफर तय किया है और उनके पति का सहयोग करना न तो गलत है, न ही गैरकानूनी।
सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि जब अरविंद केजरीवाल जेल में थे, तब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल सीएम ऑफिस से बयान दे रही थीं। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या वो लोकतंत्र का अपमान नहीं था?”
इस पूरे विवाद ने दिल्ली की सियासत को गर्मा दिया है और दोनों पार्टियों के बीच बयानबाज़ी तेज हो गई है।


