दिनाँक 14/04/2025 नई दिल्ली
आईपीएल 2025 में रविवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रनों से हरा दिया। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 205 रन बनाए। टीम के लिए तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। रियान रिकेल्टन ने 41, सूर्यकुमार यादव ने 40 और रोहित शर्मा ने 18 रन बनाए। दिल्ली की ओर से विप्रज निगम और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए।
206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज जैक बिना खाता खोले आउट हो गए। करुण नायर ने 40 गेंदों में शानदार 89 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। अभिषेक पोरेल ने 33 रन, केएल राहुल ने 15 रन और विप्रज ने 14 रन बनाए। कप्तान अक्षर पटेल सिर्फ 9 रन ही बना सके। दिल्ली की पूरी टीम 19वें ओवर में 193 रन पर सिमट गई।
मुंबई की ओर से कर्ण शर्मा ने 3 और मिचेल सैंटनर ने 2 विकेट लिए।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की यह पहली हार रही।


