दिल्ली सरकार ने खीर खिलाकर बजट सत्र की अनोखी शुरुआत की
दिनाँक 25/03/2025 नई दिल्ली
दिल्ली में सोमवार को बजट सत्र की शुरुआत एक अनोखे और मीठे अंदाज में हुई। मंत्री प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को खीर खिलाई, जबकि मुख्यमंत्री ने भी मंत्रियों और कैबिनेट सदस्यों को खीर परोसकर इस खास मौके को यादगार बनाया। यह बजट सत्र खास इसलिए भी है क्योंकि 27 साल बाद दिल्ली सरकार अपना बजट पेश करने जा रही है।
दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर करेंगी काम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार को यह अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि जनता ने हजारों सुझाव भेजे, जिनमें से कई को इस बजट में शामिल किया गया है। उन्होंने इस बजट को “डबल इंजन सरकार” का बजट बताया और कहा कि दिल्ली सरकार अब केंद्र के साथ मिलकर विकास के लिए काम करेगी।
सभी वर्गों की भागीदारी
बजट सत्र के पहले दिन समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। वकील, छात्र, महिलाएं, सिख समुदाय और ऑटो ड्राइवर भी इस आयोजन का हिस्सा बने और खीर खाते नजर आए। मुख्यमंत्री ने इसे दिल्ली की जनता का बजट बताया और कहा कि यह विकसित दिल्ली के सपने की ओर पहला कदम है।
27 साल बाद नई शुरुआत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए भगवान श्री राम के वनवास से लौटने से जोड़ा। उन्होंने कहा कि यह 27 साल बाद एक नई शुरुआत है और दिल्ली के लोगों में इस बजट को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह बजट दिल्ली के विकास की एक नई दिशा तय करेगा और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा।
