Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

भारतीय क्रिकेट टीम को संसद भवन में दी गई बधाई: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर

दिनाँक 10/03/2025 नई दिल्ली

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी गई। साथ ही, भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।

लोकसभा में जीत का जश्न

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी की यह जीत पूरे देश के लिए गर्व की बात है और युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उनके संबोधन के दौरान सदन के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं।

राज्यसभा में भी गूंजा जीत का जश्न

राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे क्रिकेटरों की कड़ी मेहनत और टीम भावना का नतीजा है। उन्होंने बताया कि दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की।

सदन के सदस्यों ने भी मेजें थपथपाकर भारतीय क्रिकेट टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं दीं।