होली और जुमे को लेकर संभल में शांति समिति की बैठक, CO अनुज चौधरी ने की सौहार्द बनाए रखने की अपील
“अनुज चौधरी ने कहा कि होली एक ऐसा त्यौहार है जो साल में एक बार आता है, जबकि जुमे की नमाज़ साल में 52 बार होती है। अगर किसी को होली के रंगों से असहजता महसूस होती है, तो उसे उस दिन घर के अंदर ही रहना चाहिए।”
दिनाँक 07/03 /2025 नई दिल्ली
संभल कोतवाली थाने में गुरुवार को होली के त्योहार को देखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रमजान के महीने में जुमे की नमाज और होली को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संभल के सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से शांति समिति की बैठकें की जा रही हैं, ताकि सभी समुदायों के बीच आपसी सौहार्द बना रहे।
अनुज चौधरी ने कहा, “होली साल में एक बार आती है, जबकि जुमे की नमाज 52 बार होती है। अगर किसी को रंगों से परेशानी है, तो उसे घर के अंदर रहना चाहिए। वहीं, बाहर निकलने वालों को खुले दिल से त्योहार का आनंद लेना चाहिए, क्योंकि त्योहार मिल-जुलकर मनाने के लिए होते हैं।” उन्होंने दोनों समुदायों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “जिस तरह मुसलमान ईद का इंतजार करते हैं, उसी तरह हिंदू होली का इंतजार करते हैं। हर त्योहार की खूबसूरती आपसी प्रेम और सद्भाव में ही होती है।”
CO ने यह भी साफ किया कि किसी पर जबरन रंग लगाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर कोई होली में भाग नहीं लेना चाहता, तो उसे मजबूर न किया जाए। यह नियम सभी समुदायों पर लागू होता है।”
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि अगर कोई भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
