“मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें बाद में एंबुलेंस से स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। महाकुंभ मेला क्षेत्र में पहली बार डिलीवरी की सुविधा और लेबर रूम की व्यवस्था की गई है“
दिनाँक 29/12/2024 नई दिल्ली
महाकुंभ नगर के अस्थायी अस्पताल में रविवार को एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। यह अस्पताल में जन्मा पहला बच्चा है। सेंट्रल हॉस्पिटल में डॉक्टर गौरव दुबे की देखरेख में तीन चिकित्सकों की टीम ने महिला का सफल प्रसव कराया। 20 वर्षीय महिला सोनम को एक पुत्र रत्न प्राप्त हुआ, जिसका वजन 2.4 किलो था।
चिकित्सकों के मुताबिक, मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें बाद में एंबुलेंस से स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। महाकुंभ मेला क्षेत्र में पहली बार डिलीवरी की सुविधा और लेबर रूम की व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ 2025 की तैयारियां अंतिम दौर में हैं, और इसे सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए योगी सरकार द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।


