पीएम मोदी ने कहा: ‘ईमानदारी और सादगी के प्रतीक’, मनमोहन सिंह को याद कर हुए भावुक”
“पीएम मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए यह सिखाने वाला है कि कैसे सभी चुनौतियों को पार कर ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है”
दिनाँक 27/12/2024 नई दिल्ली
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक है। उनके सम्मान में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके घर जाकर श्रद्धांजलि दी और शोक संदेश जारी किया।पीएम मोदी ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से हम सब दुखी हैं। उनका जाना देश के लिए एक बड़ा नुकसान है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए यह सिखाने वाला है कि कैसे चुनौतियों का सामना कर ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह एक ईमानदार नेता, महान अर्थशास्त्री और सुधारों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने कठिन समय में देश की बड़ी सेवा की। रिजर्व बैंक के गवर्नर, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास में अहम योगदान दिया। आर्थिक उदारीकरण की नींव रखने में उनका बड़ा हाथ था।”पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह को सादगी और ईमानदारी का प्रतीक बताते हुए कहा, “उनकी सौम्यता और बौद्धिकता हमेशा याद की जाएगी। राज्यसभा में उनका समर्पण एक सीख है। वे उच्च पदों पर रहकर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे और सभी के लिए सहज उपलब्ध थे।”
प्रधानमंत्री ने यह भी याद किया कि मुख्यमंत्री रहते हुए और दिल्ली आने के बाद वे मनमोहन सिंह से खुलकर चर्चा करते थे। उन्होंने मनमोहन सिंह के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि उनका जीवन और काम देश के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
