प्रियंका गांधी के ‘फिलिस्तीन’ बैग पर सियासी घमासान, बीजेपी-कांग्रेस में तीखी बहस

“कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को संसद में एक ऐसा बैग लेकर प्रवेश किया, जिस पर “फिलिस्तीन” लिखा हुआ था। उनके इस बैग को लेकर राजनीति गरमा गई है”

दिनाँक 16/12/2024 नई दिल्ली

भाजपा ने प्रियंका पर निशाना साधते हुए इसे विदेशी मानसिकता का प्रतीक बताया। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि गांधी परिवार हमेशा विदेशी सोच और प्रतीकों को महत्व देता है। केंद्रीय मंत्री बनवारी लाल वर्मा ने कहा कि प्रियंका को भारत का समर्थन करने वाला बैग लाना चाहिए था। उन्होंने इसे “नाटक” करार दिया। वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने इसे अल्पसंख्यकों को खुश करने की कोशिश बताया।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रियंका गांधी बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप रहीं, लेकिन अब फिलिस्तीन के मुद्दे पर सक्रिय हैं। मनोज तिवारी ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके बैग पर कभी “इटली” लिखा होता है और अब “फिलिस्तीन”, लेकिन “भारत” कब लिखा जाएगा, यह पता नहीं।

कांग्रेस ने प्रियंका का बचाव करते हुए कहा कि यह मानवता के आधार पर उठाई गई आवाज है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि फिलिस्तीन में बच्चों की हत्या और अस्पतालों पर बमबारी हो रही है, और प्रियंका गांधी इसका विरोध कर रही हैं।

एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने भी प्रियंका का समर्थन करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने भी हमेशा फिलिस्तीन का समर्थन किया था।

इस पूरे विवाद के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, और दोनों पक्ष अपने-अपने तर्कों के साथ इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

More From Author

प्रसिद्ध तबला वादक जाकिर हुसैन का 73 वर्ष की उम्र में निधन

पीएम मोदी ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम को एशिया कप जीत की बधाई दी