Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

2035 तक होगा भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह

“इस घोषणाओं से यह स्पष्ट है कि भारत अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और आने वाले वर्षों में इससे जुड़ी कई नई उपलब्धियां हासिल करने की योजना है”

दिनाँक 11/12/2024

नई दिल्ली : विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा की, जिसमें उन्होंने कहा कि 2035 तक भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन, ‘भारत अंतरिक्ष स्टेशन’ तैयार होगा। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि 2040 तक कोई भारतीय अंतरिक्ष यात्री चांद पर कदम रखेगा। यह बातें उन्होंने आज नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान विज्ञान मंत्रालयों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कही।

डॉ. सिंह ने बताया कि भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं, जिनसे इस क्षेत्र में नए अवसर खुले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक भारत से 432 विदेशी उपग्रह लॉन्च किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत उपग्रह पिछले 10 वर्षों में प्रक्षेपित किए गए हैं।

मंत्री ने सरकार के विज्ञान के प्रति बहु-विषयक दृष्टिकोण को भी साझा किया, जिसमें जैव प्रौद्योगिकी, जैव-अर्थव्यवस्था, भू-स्थानिक कार्यक्रमों, रक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की गई है। इस दृष्टिकोण के तहत विज्ञान को विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जो देश की प्रगति में सहायक साबित हो रहा है।