मुंबई में बारिश से हाहाकार: मोनोरेल बीच रास्ते में अटकी, लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द

दिनाँक 19/08/2025 नई दिल्ली

मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। कई इलाके पानी में डूब गए हैं और सड़क से लेकर रेल तक यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोकल ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई।

इसी बीच सोमवार शाम एक बड़ी परेशानी तब हुई जब चेंबूर और भक्ती पार्क के बीच चल रही मोनोरेल अचानक बीच रास्ते में रुक गई। घटना शाम करीब 6:15 बजे की है। मोनोरेल में उस समय महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत काफी यात्री मौजूद थे। बिजली ठप होने से लाइट और एसी बंद हो गए, जिससे दम घुटने जैसी स्थिति बनी और यात्री घबराने लगे।

कुछ यात्रियों ने तुरंत बीएमसी की हेल्पलाइन 1916 पर कॉल कर मदद मांगी। इसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्नॉर्कल वाहनों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

बारिश के चलते मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। मध्य और हार्बर लाइन पर पटरियों पर पानी भरने से दोपहर में ट्रेनें रुक गईं। पश्चिम रेलवे की सेवाएं भी प्रभावित रहीं और लोकल ट्रेनें बहुत धीमी रफ्तार से चलीं। बारिश की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी असर पड़ा। मध्य रेलवे ने 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दीं, जबकि पश्चिम रेलवे ने 2 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया।

More From Author

ऑनलाइन गेमिंग पर लगाम: सरकार ने सट्टेबाजी और जुए वाले ऐप्स पर कड़ा विधेयक मंजूर किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी गिरफ्तार