वाराणसी दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी, 2200 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
दिनाँक 01/08/2025 नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे। इस मौके पर वह करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हैं।
घाट, मंदिर और पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण
पीएम मोदी वाराणसी के कच्चे घाटों के पुनर्विकास, मंदिरों के जीर्णोद्धार, और शहरी क्षेत्रों में पार्कों के सौंदर्यीकरण की कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसमें कंचनपुर में मियावाकी जंगल, शहीद उद्यान और 21 अन्य पार्कों का नवीनीकरण शामिल है।
तैरते पूजन मंच और जल स्रोतों का संरक्षण
वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए पीएम मोदी चार तैरते पूजन मंचों की स्थापना और महत्वपूर्ण जल स्रोतों के संरक्षण की आधारशिला रखेंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को भी मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी कई स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत करेंगे, जिनमें शामिल हैं:
- महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर का उद्घाटन
- होमी भाभा कैंसर अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी और सीटी स्कैन जैसी उन्नत सुविधाएं
- 53 स्कूल भवनों का नवीनीकरण और लालपुर में सरकारी स्कूलों का कायाकल्प
- जिला पुस्तकालय और पशु व श्वान देखभाल केंद्र का निर्माण
- सिंथेटिक हॉकी टर्फ का उद्घाटन
पीएम-किसान योजना की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे
पीएम मोदी इस दौरे में पीएम-किसान योजना की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत देश के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में सीधे भेजी जाएगी।
दिव्यांग और बुजुर्गों को सहायक उपकरण
प्रधानमंत्री इस मौके पर 7,400 से अधिक दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को सहायक उपकरण भी वितरित करेंगे।
वाराणसी का तेज़ी से हो रहा विकास
पीएम मोदी की यह यात्रा सावन के पवित्र महीने में हो रही है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी जुड़ा है। इन योजनाओं से वाराणसी में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
यह दौरा वाराणसी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
