दिनाँक 10/07/2025 नई दिल्ली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इस क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों तथा दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं, मीडिया गैलेरी के साथ ही हर प्रकार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण करने के बाद राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राजगीर में चल रहे विकास कार्यों, राजगीर को संपर्कता प्रदान करने वाले वैकल्पिक पथों के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां चल रहे विकास कार्यों और राजगीर को वैकल्पिक संपर्कता प्रदान करने वाले पथों के निर्माण कार्य में तेजी लाएं, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा हो सके।


