CDS जनरल अनिल चौहान का बड़ा खुलासा — ऑपरेशन सिंदूर में 8 घंटे में पाकिस्तान को घुटनों पर लाया
दिनाँक 03/06/2025 नई दिल्ली
3 जून, नई दिल्ली : चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने सोमवार को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के कार्यक्रम ‘फ्यूचर वॉर्स एंड वारफेयर’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा बयान दिया।
जनरल चौहान ने कहा कि पाकिस्तान ने सोचा था कि ये संघर्ष 48 घंटे तक चलेगा, लेकिन भारतीय सेना ने सिर्फ 8 घंटे में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने बताया कि 10 मई को करीब 1 बजे पाकिस्तान की योजना भारत को 48 घंटों में मजबूर करने की थी। पाकिस्तान की ओर से कई हमले किए गए, लेकिन भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया और पाकिस्तान को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को अब एहसास हो गया होगा कि अगर वो भारत से युद्ध करेगा, तो उसे हार का सामना ही करना पड़ेगा।”
जब ऑपरेशन के दौरान हुए नुकसान के बारे में सवाल किया गया तो CDS ने कहा कि हमारे लिए नतीजे और कार्रवाई की रणनीति ज्यादा अहम है। नुकसान के आंकड़े बाद में तकनीकी जांच के बाद साझा किए जाएंगे। जल्द ही बताया जाएगा कि कितने पाकिस्तानी विमान और रडार तबाह किए गए।
जनरल चौहान ने बताया कि इस पूरे संघर्ष की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले से हुई थी। उन्होंने कहा, “आतंकवाद का कोई तर्क नहीं होता। हमारे दुश्मन ने भारत को एक हज़ार घाव देकर खून बहाने की नीति अपना रखी है।”
साथ ही उन्होंने 1965 की बात याद दिलाई जब जुल्फिकार अली भुट्टो ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के खिलाफ हजार साल के युद्ध की बात कही थी। CDS ने कहा, “अगर पाकिस्तान हमारे सैन्य ठिकानों पर हमला करता है, तो हम उससे दोगुनी ताकत से जवाब देंगे।”
