Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी ने किया ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

दिनाँक 30 /05/2025 नई दिल्ली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का मकसद किसानों को खेती की नई तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान 12 जून तक चलेगा और इसमें पहली बार कृषि वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र और विभाग के अधिकारी किसानों के बीच जाकर खेती की चुनौतियों पर सीधे काम करेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में खेती की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि खेती और किसानों को मजबूत बनाकर ही हम देश को आगे बढ़ा सकते हैं। प्रदेश के सभी जिलों में भी इस अभियान की शुरुआत हो गई है। कुशीनगर, बरेली, अमरोहा, शाहजहांपुर और वाराणसी जैसे जिलों में जागरूकता वाहन हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए।

वाराणसी के किसान कैलाश नारायण सिंह ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा, “पहली बार किसान और वैज्ञानिक एक साथ आ रहे हैं। इससे हमें नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे मिलेगी। यह बहुत ही फायदेमंद और सराहनीय प्रयास है।”

इस अभियान से उम्मीद की जा रही है कि किसानों को खेती के नए तरीके अपनाने और सरकारी मदद का ज्यादा लाभ उठाने का मौका मिलेगा।