दिनाँक 25/05/2025 नई दिल्ली
टोक्यो — जेडीयू सांसद संजय झा के नेतृत्व में भारतीय सांसदों का एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों जापान के दौरे पर है। टोक्यो में भारतीय दूतावास (इंडिया हाउस) में इस प्रतिनिधिमंडल ने जापान के राजनीतिक, सरकारी और शैक्षणिक क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की।
इस दौरान भारतीय सांसदों ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहिष्णुता) नीति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत अब किसी भी आतंकवादी हमले का कड़ा और त्वरित जवाब देने की नीति पर चल रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी सांसद अपराजिता सारंगी, बृज लाल, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के जॉन बरिटास और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद शामिल थे।
टोक्यो में प्रेस वार्ता के दौरान सांसदों ने बताया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पर सभी राजनीतिक दल एकजुट हैं। इंडिया हाउस में आयोजित रात्रिभोज में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज और जापान के नेताओं के साथ भी इसी मुद्दे पर चर्चा हुई।
भारतीय सांसदों ने जापान-भारत संसदीय मैत्री लीग के प्रतिनिधियों और प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा से भी मुलाकात की। जापानी नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का समर्थन किया और दोनों देशों के बीच मजबूत सहयोग की बात कही।
इस दौरे के ज़रिए भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि सीमा पार आतंकवाद के मामले में वह किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगा और वैश्विक समुदाय से भी इसी एकजुटता की उम्मीद रखता है।


