राजनाथ सिंह के द्वारा भुज एयरबेस का दौरा: “ऑपरेशन सिंदूर” की बात करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा-‘जितनी देर में लोग नाश्ता निपटाते, उतनी देर में दुश्मनों को निपटाया’
दिनाँक 16/05/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली, 16 मई : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद आज देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुजरात के भुज पहुंचे। उन्होंने वहां भुज एयरबेस का दौरा किया और जवानों से मुलाकात की। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने सेना की तारीफ करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।
राजनाथ सिंह ने कहा, “जितनी देर में लोग नाश्ता-पानी करते हैं, उतनी देर में भारतीय वायुसेना ने दुश्मनों का सफाया कर दिया।” उन्होंने साफ कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। जो हुआ वो सिर्फ एक झलक थी, असली तस्वीर तो अभी बाकी है। जब वक्त आएगा, तो पूरी दुनिया देखेगी कि भारत क्या कर सकता है।
इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने स्वदेशी हथियारों की ताकत का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में बनी ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ की ताकत को पाकिस्तान भी मान चुका है। राजनाथ सिंह ने कहा, “हमने पाकिस्तान को रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया है।”
उन्होंने कहा कि अब दुनिया जान चुकी है कि भारत सिर्फ विदेशों से हथियार लेने वाला देश नहीं रहा। अब भारत अपनी ताकत खुद बना रहा है। रक्षा मंत्री ने भरोसा जताया कि भारतीय वायुसेना की पहुंच पाकिस्तान के हर कोने तक है और ये बात पूरी तरह साबित हो चुकी है।
