Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान को भारत का करारा जवाब, 35-40 पाक सैनिक ढेर — DGMO राजीव घोष का बयान

दिनाँक 12/05/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली, 11 मई 2025 — भारतीय सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घोष ने आज एक खास प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि 7 से 10 मई के बीच भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान सेना के करीब 35-40 जवान मारे गए।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई थी। इसका साफ मकसद आतंकी साजिशकर्ताओं और हमलावरों को सज़ा देना और उनके अड्डों को तबाह करना था। जनरल घोष ने कहा कि 7 मई को भारत ने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, पाकिस्तानी नागरिक या सैन्य ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

लेकिन उसी शाम पाकिस्तान ने ड्रोन और UAV से भारतीय सैन्य और नागरिक इलाकों पर हमले की कोशिश की, जिन्हें समय रहते नाकाम कर दिया गया। हालांकि, तीन ड्रोन गिरने से मामूली नुकसान हुआ। 8 और 9 मई की रात पाकिस्तान ने फिर विमान और ड्रोन भेजे और भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। इसके बाद LoC पर भारी गोलीबारी और मुठभेड़ भी हुई।

भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल ए.के. भारती ने बताया कि भारत ने पश्चिमी मोर्चे पर पाकिस्तान के एयरबेस, कमांड सेंटर और एयर डिफेंस सिस्टम को सटीक हमलों से तबाह किया। उन्होंने कहा कि चकला, रफीकी, रहीम यार खान, सरगोधा, भुलारी और जैकबाबाद जैसे बड़े एयरबेस पर हमले कर पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया गया।

एयर मार्शल भारती ने साफ किया कि भारत का मकसद लाशें गिनना नहीं, बल्कि आतंकी ठिकानों को निष्क्रिय करना था। उन्होंने कहा, “हमारी लड़ाई आतंक के खिलाफ है, और हर बार दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।”